राँची : राजधानी रांची के रातू रोड स्थित मॉल ऑफ राँची में स्थित एक रेस्तरां ‘लार्ड ऑफ ड्रिंक’ (LOD) में देर रात पुलिस ने अचानक छापा मारा है। छापेमारी के दौरान रेस्तरां में हड़कम्प मच गया। ये छापेमारी वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई है। इस सम्बंध में कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को रात में गुप्त सूचना मिली थी कि लार्ड ऑफ ड्रिंक में नियमों का उल्लंघन कर शराब के साथ ड्रग भी बेचा जा रहा है। युवक युवतियां बड़े पैमाने ड्रग का सेवन कर रहे हैं। वही हाई कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करके उच्च ध्वनि में डीजे भी बजाया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसएसपी राकेश रंजन ने सिटी एसपी पारस राणा कार्रवाई करने का निर्देश दिए। सिटी एसपी ने कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय और सदर डीएसपी संजीव कुमार बेसरा के नेतृत्व में कोतवाली और सुखदेवनगर थाना प्रभारी के साथ टीम गठित कर कार्रवाई के लिए भेजा।













