रांची : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार सुबह चर्चित चार्टर्ड अकाउंटेंट नरेश केजरीवाल के रांची, मुंबई और सूरत स्थित कुल 15 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के तहत की गई है। झारखंड में FEMA के तहत ईडी की यह पहली छापेमारी बताई जा रही है।
सुबह 6 बजे हुई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम सुबह करीब 6 बजे रांची के चर्च कॉम्प्लेक्स स्थित केजरीवाल के ऑफिस और उनके आवासीय ठिकानों पर पहुँची। साथ ही उनके मुंबई और सूरत स्थित ठिकानों को भी छापेमारी की कार्रवाई में शामिल किया गया।
*आयकर विभाग की जानकारी के आधार पर जांच*
ईडी की यह कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा पहले की गई छापेमारी में मिले तथ्यों पर आधारित है। आयकर की जांच के दौरान यह संकेत मिले थे कि नरेश केजरीवाल ने विदेशों में भारी निवेश किया है, जिसके बाद ईडी ने FEMA के तहत विस्तृत जांच शुरू की।
*विदेशों में निवेश के सबूत मिले*
इडी की प्रारंभिक जांच के दौरान नरेश केजरीवाल द्वारा दुबई, अमेरिका सहित कई अन्य देशों में निवेश किए जाने के प्रमाण मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि विदेशों में निवेश के दौरान नियमों का उल्लंघन किया गया है।इन्हीं सबूतों के आधार पर ईडी ने नरेश केजरीवाल, उनके पारिवारिक सदस्यों और सहयोगियों से जुड़े 15 ठिकानों पर छापेमारी की है।ईडी अब विदेशों में किए गए निवेश, फंड ट्रांसफर के स्रोत और FEMA उल्लंघन के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।












