दुमका: जिले के जामा थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव स्थित मयूराक्षी नदी में नहाने गए चार दोस्त डूब गए, इनमें से एक दोस्त का शव शुक्रवार की सुबह बरामद कर लिया गया।
जबकि अन्य तीन की तलाश जारी है, जानकारी के अनुसार, चार में से तीन युवक ए एन कॉलेज के छात्र थे, जबकि एक जिला स्कूल में पढ़ता था। चारों गुरुवार दोपहर अपने घर से मयूराक्षी नदी में नहाने जाने की बात कहकर निकले थे, जब देर रात तक वे घर नहीं लौटे, तो परिवार वालों ने उनकी खोजबीन शुरू की। शुक्रवार सुबह उनके कपड़े नदी के किनारे मिले, जिसके बाद तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता छात्रों को ढूंढने का प्रयास कर रही है।













