हजारीबाग/बिष्णुगढ़- विष्णुगढ़ में मंगला जुलूस के दौरान जुलूस देखने गई मासूम बच्ची “जिसे अंबा प्रसाद ने सीता नाम की संज्ञा दी है” के साथ घृणित बलात्कार और जघन्य हत्या की घटना के पुलिस अनुसंधान की नाकामियों के विरोध में सोमवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय सचिव पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के नेतृत्व में हजारीबाग डिस्ट्रिक्ट चौक में काला बिल्ला लगा कर कैंडल मार्च करते हुए प्रदर्शन किया तथा इस दौरान जिला के एसपी एवं डीसी का पुतला भी दहन किया गया।
इस दौरान अंबा प्रसाद ने कहा कि पुलिस प्रशासन के नाकामी को देखते हुए अपराध के अनुसंधान को सीबीआई को सौंपा जाए तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा और पुनर्वासन सुनिश्चित किया जाए। पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने फिर से राज्य मे महिला आयोग बनाने की मांग दोहराई। अंबा प्रसाद ने फिर से कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा उन्होंने आस्वस्त किया कि बतौर अधिवक्ता पीड़ित परिवार को हर संभव मदद न्यायिक कार्यों में प्रदान करने व उनका केस लड़ने का कार्य करूंगी। अंबा प्रसाद ने कहा कि यह घटना दिल्ली के निर्भया कांड से भी दर्दनाक एवं घृणित है, पुलिस प्रशासन की नाकामी व असंवेदनशीलता आम लोगों की सुरक्षा पर सवालिया निशान है।
अंबा प्रसाद ने मुख्यमंत्री को भी लिखा पत्र, सीएम हेमंत सोरेन से व्यक्तिगत हस्तक्षेप करने की मांग
इस मामले को लेकर अंबा प्रसाद ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर व्यक्तिगत हस्तक्षेप करने की भी मांग की है। अंबा प्रसाद ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अवगत कराते हुए कहा है कि विष्णुगढ़ थाना अंतर्गत कांड संख्या 42/2026 में मृतका (पीड़िता) के साथ हुए जघन्य अपराध के इतने दिन बीत जाने के बाद भी हजारीबाग पुलिस अपराधियों का कोई सुराग लगाने में विफल रही है। यह स्थिति जिला पुलिस प्रशासन की कार्यकुशलता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।
महिला सम्मान और सुरक्षा का वादा करने वाली सरकार के कार्यकाल में जनता न्याय की आस लगाए बैठी है। हजारीबाग पुलिस की वर्तमान कार्यशैली से ऐसा प्रतीत होता है कि या तो वे इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, या फिर वास्तविक तथ्यों को उच्च स्तर तक पहुँचने से रोका जा रहा है। यह अत्यंत चिंताजनक है कि इतने जघन्य अपराध के दोषियों का पता लगाने में भी पुलिस अब तक असमर्थ रही है। ऐसी व्यवस्था से आम जनमानस का भरोसा डगमगा रहा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय सचिव पूर्व विधायक अंबा ने इस प्रकरण में अविलंब व्यक्तिगत हस्तक्षेप करते हुए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने, कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले हजारीबाग पुलिस अधीक्षक का स्थानांतरण कर उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही करने, संबंधित डीएसपी (DSP) एवं विष्णुगढ़ थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उचित जाँच करने, मामले की गंभीरता और स्थानीय पुलिस की विफलता को देखते हुए, इस कांड का अनुसंधान CBI से कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने समेत पीड़िता के परिवार को मुआवजा एवं पुनर्वास प्रदान करने की मांग की है।













