रांची :लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र के केमा गांव में प्रस्तावित तुबिद कोल ब्लॉक के ड्रोन सर्वे को लेकर गुरुवार की देर रात ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई।
इस झड़प में चार पुलिसकर्मी सहित दर्जनों ग्रामीण घायल हो गए, सभी घायलों को इलाज के लिए लातेहार सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। इस बीच खबर है कि दो पुलिसकर्मी की स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें रिम्स रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) के प्रस्तावित तुबिद कोल ब्लॉक क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से सर्वेक्षण कराया जा रहा था। सर्वे की जानकारी मिलते ही केमा गांव के ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचकर सर्वे कार्य का विरोध करने लगे।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों और पुलिस के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान कई ग्रामीण घायल हो गए, वहीं झड़प में चार पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि बिना पूर्व सूचना और सहमति के ड्रोन से सर्वे किए जाने के कारण लोगों में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद यह स्थिति उत्पन्न हुई, वहीं प्रशासन का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है और इलाके में शांति बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।
मौसम विभाग ने 7 मार्च से 10 मार्च तक झारखंड राज्य के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश !
राँची : मौसम विभाग ने 7 मार्च से 10 मार्च तक राज्य के कुछ जिलों में गरज-चमक, आंधी-तूफान के साथ...










