रांची :आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशानुसार आरपीएफ रांची डिवीजन सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर रही है। इसी क्रम में एसआई उज्ज्वल कुमार के नेतृत्व में कॉन्स्टेबल मुकेश नायक, महिला स्टाफ संगीता कच्छप एवं एस.पी. खलखो द्वारा ट्रेन संख्या 12811 (एलटीटी–हटिया एक्सप्रेस) में रूड़केला से हटिया के बीच एस्कॉर्टिंग ड्यूटी की जा रही थी। ड्यूटी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए एक व्यक्ति को चोरी के मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम अफरोज अंसारी, उम्र 23 वर्ष, निवासी चान्हो, जिला रांची बताया। उसके पास से एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसे यात्री जनकी यादव द्वारा अपना चोरी हुआ मोबाइल बताया गया। मोबाइल का सत्यापन मौके पर किया गया। उक्त आरोपी को आवश्यक कागजातों सहित जीआरपी हटिया को सुपुर्द किया गया, जहां उसके विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत लगभग 12,000 रुपये है।














