खूँटी : जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र के कातुद गांव में डायन होने के शक में भतीजे ने अपने ही चाचा-चाची पर हमला कर दिया।
इस हमले में चाची सीनी पहनाइन की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चाचा विया पाहन की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका इलाज खूँटी सदर अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, विया पाहन और उनकी पत्नी सीनी पहनाइन अपने घर में सो रहे थे। उसी दौरान उनके भतीजे कुंवर पाहन और हंगीरा पाहन अचानक घर में घुस आए।
दोनों ने तेजधार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी दोनों को मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
अंधविश्वास को मुख्य कारण बताया जा रहा है। घायल विया पाहन ने बताया कि उनके बड़े भाई की पत्नी अक्सर बीमार रहती थी। इसी कारण परिवार के कुछ लोग सीनी पहनाइन को डायन मानते थे।
इस बात को लेकर मंगलवार दिन में भी परिवार के बीच विवाद हुआ था, जो रात में इस हिंसक घटना में बदल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।











