रामगढ़ :झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मध्य-पूर्व में जारी ईरान-अमेरिका-इजरायल तनाव और युद्ध की स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से यूरिया की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अभी से ठोस योजना बनाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यदि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण यूरिया आपूर्ति बाधित होती है, तो इसका सीधा असर आगामी खरीफ फसलों पर पड़ेगा, जिससे न केवल कृषि उत्पादन प्रभावित होगा बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गंभीर नुकसान उठाना पड़ सकता है।
आज रामगढ़ स्थित सिद्धू-कान्हु स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कृषि मेला सह प्रदर्शनी के उद्घाटन एवं विभिन्न स्टॉलों के निरीक्षण के बाद अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि इस आयोजन से यह स्पष्ट है कि झारखंड के किसान निरंतर प्रगति, उन्नति और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार प्रयासरत है। झारखंड को भले ही खनिज संपदा और उद्योगों के लिए जाना जाता हो, लेकिन कृषि क्षेत्र में भी राज्य की महत्वपूर्ण पहचान बन रही है।
रामगढ़ के किसानों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यहाँ के प्रगतिशील और मेहनती किसानों ने विशेष रूप से सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में पूरे राज्य में एक अलग पहचान स्थापित की है।
मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे कृषि एवं पशुपालन विभाग द्वारा संचालित 80 से अधिक योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकाधिक लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि डीजल पंप सेट पर 90 प्रतिशत अनुदान, मुख्यमंत्री ट्रैक्टर योजना सहित कई लाभकारी योजनाएं किसानों के लिए संचालित हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2014 में जहां राज्य में प्रतिदिन लगभग 40 लाख लीटर दूध का उत्पादन होता था, वहीं आज यह उत्पादन पाँच से छह गुना तक बढ़ चुका है। इसके साथ ही मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लाभुकों के बीच कुल 8 करोड़ 79 लाख रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इसमें बागवानी विभाग : 1 करोड़ 68 लाख रुपये
मृदा संरक्षण विभाग : 25 लाख रुपये
कृषि विभाग : 1 करोड़ 55 लाख रुपये
मत्स्य विभाग : 2 करोड़ 68 लाख रुपये
पशुपालन विभाग : 2 करोड़ 63 लाख रुपये
मंत्री ने अंत में कहा कि सरकार की योजनाओं को सफल बनाने के लिए किसानों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी किसानों से जागरूक होकर आगे आने और आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में कदम बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से रामगढ़ विधायक ममता देवी, सहजादा अनवर, जिला परिषद अध्यक्ष- सुधा देवी, नगरपरिषद अध्यक्ष-कुसुमलता मुंडा, निदेशक समिति विकास कुमार,उप विकास आयुक्त, सांसद प्रतिनिधि-राजीव जायसवाल, गुलाम सरवर आदि उपस्थित थे।














