रांची: जीवन की नई शुरुआत के सुनहरे सपनों के साथ हनीमून मनाने दुबई गए रांची निवासी अतुल उरांव (SAIL अधिकारी) और उनकी नवविवाहिता पत्नी डॉ. कंचन बाड़ा आखिरकार एक सप्ताह की भय, अनिश्चितता और प्रतीक्षा से भरी कठिन घड़ियों के बाद सुरक्षित स्वदेश लौट आए हैं। वे मंगलवार 10 मार्च को सुबह 9 बजे मुंबई से रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां उनके परिजन और शुभचिंतक उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं
नवदंपति का विवाह 22 फरवरी 2026 को रांची में आदिवासी पारंपरिक रीति-रिवाजों, आशीर्वादों और उत्सवों के बीच बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ था। विवाह के बाद जीवन की पहली संयुक्त यात्रा के रूप में वे 27 फरवरी को दुबई रवाना हुए थे। उनकी वापसी 4 मार्च को निर्धारित थी, लेकिन खाड़ी क्षेत्र में अचानक बढ़े युद्ध तनाव और अस्थिर परिस्थितियों के कारण लगातार उड़ानें रद्द होती रहीं और वे विदेश में ही फंसकर रह गए।
इन कठिन दिनों को याद करते हुए अतुल उरांव ने भावुक स्वर में बताया,
हम लगातार टिकट बुक करने की कोशिश करते रहे, लेकिन हर बार अंतिम समय में उड़ानें रद्द हो जाती थीं। अनिश्चितता और चिंता के बीच हर दिन बेहद भारी लग रहा था। आखिरकार 8 मार्च का टिकट मिला, लेकिन उसकी कीमत इतनी अधिक थी कि हमें लगभग 1.12 लाख रुपये खर्च करने पड़े। अब स्वदेश लौटकर मन को बहुत राहत मिली है।
नवदंपति के रिश्तेदार एवं सामाजिक कार्यकर्ता अनिल अमिताभ पन्ना ने उनकी सुरक्षित वापसी पर गहरी राहत व्यक्त की, लेकिन संकट की घड़ी में आसमान छूती हवाई टिकट कीमतों पर चिंता भी जताई। उन्होंने कहा,
“आपातकालीन और असामान्य परिस्थितियों में यात्रियों से इस प्रकार अत्यधिक कीमत वसूलना बेहद चिंताजनक है। ऐसी स्थिति में सरकार और संबंधित एजेंसियों को हस्तक्षेप कर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि संकट में फंसे नागरिकों को अनावश्यक आर्थिक बोझ न झेलना पड़े।”
एक सप्ताह तक चिंता और प्रतीक्षा में डूबे परिवारजनों के लिए यह खबर किसी राहत और खुशी से कम नहीं है। नवदंपति की सुरक्षित वापसी की सूचना मिलते ही परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों के बीच प्रसन्नता की लहर दौड़ गई है और सभी अब उनके सकुशल रांची पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
अपने अपने निकाय क्षेत्रों के नरेंद्र मोदी बने निकाय जनप्रतिनिधि….आदित्य साहू !
रांची : झारखंड प्रदेश भाजपा द्वारा आज प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू की अध्यक्षता में चिरौंदी रांची स्थित गीतांजलि...












