रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से आज राज्य के माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की तथा राज्यपाल को राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन की जानकारी दी। उक्त अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यपाल महोदय को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस तथा यूनाइटेड किंग्डम की अपनी हालिया यात्रा के संबंध में भी अवगत कराते हुए कहा कि इस दौरान राज्य की निवेश-उन्मुख नीतियों तथा सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को वैश्विक समुदाय के समक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया। इस यात्रा के परिणामस्वरूप राज्य को विभिन्न निवेश प्रस्ताव भी प्राप्त हुए, जो औद्योगिक विविधीकरण, रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं आर्थिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।इस अवसर पर विधानसभा सदस्य श्रीमती कल्पना सोरेन एवं राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उपस्थित थे।











