रांची : झारखंड के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने आज खूंटी में आगामी 15 नवंबर को प्रधानमंत्री की होने वाली जनसभा स्थल का निरीक्षण किया तथा तैयारियों की जानकारी ली।इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी,प्रदेश महामंत्री एवम सांसद आदित्य साहू, डॉ प्रदीप वर्मा, बालमुकुंद सहाय,योगेंद्र प्रताप सिंह आदि उपस्थित थे।

मरांडी ने कहा कि 15 नवंबर झारखंड के इतिहास में स्वर्णिम दिन है। ईश्वर ने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान विभूति को इस धरती पर भेजा। आगे भाजपा की सरकार ने बिरसा मुंडा के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए इसका गौरव बढ़ाया। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई की सरकार ने इस मिट्टी की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए अलग झारखंड राज्य का निर्माण 15 नवंबर भगवान बिरसा जयंती को किया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजाति समाज के अमर बलिदानी भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके जन्मदिन को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस घोषित किया। राज्य की सीमाओं से ऊपर भगवान बिरसा मुंडा आज देश के सारे जनजाति समाज के गौरव हैं। वे भारत के गौरव हैं। भारत के ऐसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है जो भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने आ रहे। प्रधानमंत्री ने जनजाति समाज के साथ पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है।इसलिए प्रदेश की जनता उन्हें सुनने केलिए उत्साहित है। आगामी 15 नवंबर को प्रधानमंत्री जी की ऐतिहासिक सभा खूंटी की धरती पर होगी।













