रांची: राजधानी रांची में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार देर रात एक बार फिर ब्लैक कार ने सड़क पर कहर बरपाया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा चुटिया थाना क्षेत्र के दुर्गा मंदिर चौक के पास हुआ।
रात साढ़े दस बजे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे नेपाल हाउस की ओर से आ रही एक काली कार दुर्गा मंदिर चौक के पास पहुंची। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि कुछ ही सेकंड में उसने सड़क किनारे चल रहे छह लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में धर्मेंद्र सिंह, निवासी हटिया (वर्तमान में चुटिया में रह रहे थे), की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें रेलवे की महिला टीटी अन्नापूर्णा नायडू, उनका पुत्र कुणाल नायडू, अमित सिंह, संदीप महतो और प्रशांत गौरव शामिल हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को गुरुनानक अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उन्हें भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि महिला टीटी और उनके पुत्र की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद चालक फरार, पुलिस जुटी जांच में
हादसे के बाद चालक अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और जांच शुरू की।
सिटी डीएसपी केवी रमन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार की पहचान कर ली गई है, और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया – सौ से अधिक की रफ्तार में थी कार
स्थानीय लोगों ने बताया कि कार इतनी तेज रफ्तार में थी कि दस सेकेंड में कई लोगों को टक्कर मारती हुई भाग निकली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी इलाके में मुनचून नामक व्यक्ति के घर गृह प्रवेश की पार्टी चल रही थी। पार्टी से लौट रहे लोग या तो पैदल घर जा रहे थे या बातचीत में लगे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन पर हमला कर दिया।
लगातार बढ़ रहे हैं स्पीडिंग के मामले
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही कचहरी चौक पर भी एक ब्लैक कार ने इसी तरह कहर बरपाया था।
लगातार हो रही इन घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है। लोग अब रात के समय सड़क पर चलने से डरने लगे हैं।
स्थानीय लोगों की मांग— कड़ी कार्रवाई और रात में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज रफ्तार वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और रात के समय पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए।
लोगों ने कहा कि “अगर समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया तो यह सड़कें मौत का जाल बन जाएंगी।”
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज ऑड्रे हाउस, में आयोजित “CMS ” .
रांची :राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज ऑड्रे हाउस, राँची में आयोजित “CMS VATAVARAN रांची ट्रैवलिंग फिल्म फेस्टिवल” का उद्घाटन...











