राँची :आगामी रामनवमी पर्व को लेकर राँची नगर निगम द्वारा शहर में व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल निवारणपुर स्थित तपोवन मंदिर परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान युद्ध स्तर पर संचालित किया जा रहा है। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार मंदिर के निकट स्थित बड़े नाले की विशेष सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में जलजमाव एवं गंदगी की समस्या का समाधान हो सके।
सफाई कार्य के तहत पोकलेन मशीन के माध्यम से नाले में जमे गाद एवं कचरे को निकाला जा रहा है। इस विशेष सफाई अभियान के परिणामस्वरूप आसपास के क्षेत्रों में दुर्गंध में उल्लेखनीय कमी आई है तथा नालियों में जल का प्रवाह सुचारू रूप से होने लगा है, जिससे स्थानीय नागरिकों को राहत मिल रही है।
राँची नगर निगम ने नागरिकों से अपील किया कि स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा नालियों में किसी भी प्रकार का अपशिष्ट न डालें। नालियों में कचरा डालने से जल प्रवाह अवरुद्ध होता है, जिससे गंदगी फैलती है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।














