रांची :झारखंड राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से आज भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों ने लोक भवन, राँची में शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद करते हुए उन्हें सदैव जनहित एवं राज्यहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड में अपार संभावनाएँ विद्यमान हैं तथा राज्य को विकास के पथ पर अग्रसर करते हुए विकसित राज्यों की श्रेणी में अग्रणी बनाने हेतु समर्पित भाव से कार्य किया जाना चाहिए।
राज्यपाल ने अधिकारियों को जमीनी वास्तविकताओं से अवगत रहने, नियमित फील्ड भ्रमण करने तथा आमजन के साथ सतत संवाद स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा में कार्य एवं व्यवहार ही व्यक्ति की वास्तविक पहचान बनाते हैं, अतः पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक परिस्थिति में सजग एवं तत्पर रहते हुए समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने की सलाह दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी भी उपस्थित थे।













