रांची :झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज प्रकृति उपासना का महापर्व ‘बाहा पर्व’ के अवसर पर जमशेदपुर , कदमा के शास्त्रीनगर स्थित सरना पूजा स्थल जाहेरथान में पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, उन्नति और कल्याण की कामना की। मौके पर मुख्यमंत्री ने गुरु गोमके पंडित रघुनाथ मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
आदिवासियों की संस्कृति को संरक्षित करने हेतु सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आदिवासी समाज को सशक्त बनाने हेतु सरकार प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है। आर्थिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, और सामाजिक संरक्षण के साथ – साथ बहुआयामी दृष्टिकोण पर आधारित मजबूती प्रदान की जा रही है। आज आदिवासी समाज को एकजुट होने की आवश्यकता है। आदिवासी सभ्यता व संस्कृति झारखंड की पहचान है। आदिवासी समाज ही प्रकृति के असली संरक्षक हैं।











