रांची :आज झारखंड अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर रहा है। 15 नवंबर 2000 को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर बिहार से अलग होकर अस्तित्व में आए झारखंड ने ढाई दशक की विकास यात्रा तय कर ली है। इस खास मौके पर पूरे राज्य में उत्साह है और रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है। मोरहाबादी मैदान में झारखंड की कला, संस्कृति, इतिहास और विकास यात्रा पर आधारित विशाल प्रदर्शनी लगाई गई है। मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दोपहर 1 बजे तक दर्शकों के बैठने की व्यवस्था पूरी कर ली जाएगी, जिसके बाद औपचारिक कार्यक्रम शुरू होंगे। पूरा मैदान झारखंड थीम पर सजाया गया है, जहां राज्य की उपलब्धियों और विकास योजनाओं को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया जा रहा है।
झारखंड राज्य गठन की पृष्ठभूमि
2 अगस्त 2000 को संसद ने बिहार पुनर्गठन विधेयक पारित किया।
15 नवंबर 2000 को बिहार के 18 जिलों को अलग कर झारखंड राज्य का गठन हुआ।
झारखंड देश का 28वां राज्य बना।
‘झार’ (जंगल) और ‘खंड’ (भूमि) मिलकर बना ‘झारखंड’ नाम राज्य की पहचान को दर्शाता है।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के दिन राज्य गठन होना झारखंडवासियों के लिए एक ऐतिहासिक उपहार माना जाता है।
25 वर्षों में राज्य ने राजनीतिक उतार-चढ़ाव तो देखे ही, साथ ही कई नई उपलब्धियाँ भी हासिल की हैं।
रांची में वॉल पेंटिंग से सजी दीवारें
स्थापना दिवस के अवसर पर रांची शहर की दीवारें रंग-बिरंगी पेंटिंग से सजाई गई हैं। इन कला कृतियों में सोहराय, खोवादाई, आदिवासी जीवन शैली, लोकनृत्य, वन्यजीवन और पारंपरिक प्रतीक शामिल हैं।
कलाकारों ने झारखंड की संस्कृति और प्रकृति को जीवंत रूप में चित्रित किया है, जिसे देखकर राहगीर भी मंत्रमुग्ध हो रहे हैं। झारखंड स्थापना दिवस के मुख्य कार्यक्रम को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर में कुल 10,000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जिनमें 2,000 अधिकारी और 8,000 जवान शामिल हैं। ट्रैफिक को लेकर भी कड़े नियम लागू किए गए हैं:
सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित।
सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध।
सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक ई-रिक्शा के संचालन पर रोक।
शहर के कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश केवल कार्यक्रम में भाग लेने वाले या आकस्मिक वाहनों के लिए ही अनुमत होगा। बूटी मोड़ से रिम्स, करमटोली चौक, एसएसपी आवास चौक और रणधीर वर्मा चौक तक कई मार्ग सुबह 11 बजे से शाम 8 बजे तक बंद रहेंगे। रेलवे स्टेशन से मुंडा चौक तक भी सभी वाहनों का प्रवेश रोका गया है।
कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग की व्यवस्था
मुख्यमंत्री और वीवीआईपी वाहनों के लिए मुख्य मंच के पीछे विशेष पार्किंग।
वीआईपी व अधिकारियों के वाहन नीलांबर-पीतांबर (ऑक्सीजन पार्क) के पास पार्क होंगे।
मीडिया कर्मियों के लिए हॉकी स्टेडियम के समीप आर्मी ग्राउंड के पास पार्किंग।
विभिन्न जिलों से आने वाले लाभुकों के वाहन आर्मी मैदान में पार्क किए जाएंगे।
केन्द्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने राज्यपाल संतोष गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात की !
रांची : पूर्व मंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के केन्द्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने आज मकर संक्राति के अवसर...












