राँची : झारखण्ड में मौसम ने अचानक ऐसा करवट लिया है कि लोगों को एक बार फिर ठंड का एहसास होने लगा है।
राँची में न्यूनतम तापमान गिरकर 15 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि लातेहार में यह और नीचे 12 डिग्री दर्ज किया गया।
राज्य में आज येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि कल के मुकाबले स्थिति थोड़ी बेहतर है, लेकिन फिर भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे मौसम और ठंडा महसूस हो सकता है।
लातेहार, लोहरदगा, पलामू और गढ़वा जैसे जिलों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। इन इलाकों में बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना अधिक है, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ सबसे पहले इन्हीं क्षेत्रों से होकर गुजरता है।
पिछले 24 घंटों में पाकुड़ जिले में जोरदार बारिश दर्ज की गई, जिससे माहौल पूरी तरह बरसात जैसा हो गया। कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री के बीच बना हुआ है।













