रांची : झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। जाते-जाते सर्दी ने अचानक वापसी कर ली है, जिससे पूरे राज्य में ठंड का असर बढ़ गया है। बीते कुछ दिनों से तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही थी और माना जा रहा था कि अब ठंड खत्म होने वाली है, लेकिन अचानक चली ठंडी हवाओं ने हालात बदल दिए हैं।
राजधानी समेत गुमला, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार और आसपास के जिलों में ठंड ज्यादा महसूस की जा रही है। तेज और सर्द हवाओं के कारण सुबह और शाम घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सड़कों पर लोग फिर से जैकेट, टोपी और मफलर में नजर आ रहे हैं।मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कई जिलों के न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। जहां कुछ दिन पहले रात का तापमान 14 डिग्री के आसपास था, वहीं अब यह गिरकर 9 से 10 डिग्री तक पहुंच गया है। गुमला राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान करीब 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 24 घंटों में ठंड और बढ़ सकती है। पलामू, गढ़वा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। हालांकि दिन का तापमान 25 से 26 डिग्री के आसपास बना रह सकता है, लेकिन सुबह-शाम कोहरा और ठंडी हवाएं लोगों को परेशान करेंगी।
विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसका असर अगले दो से तीन दिनों तक झारखंड के कई हिस्सों में बना रह सकता है। कुल मिलाकर, झारखंड में ठंड ने एक बार फिर दस्तक दे दी है और लोगों को आने वाले दिनों में कड़ाके की सर्दी झेलनी पड़ सकती है।














