राँची : झारखण्ड के कई इलाकों में 14-15 अप्रैल को आंधी, ओलावृष्टि, वज्रपात और बारिश होने की भी संभावना जताई जा रही है।
मौसम केंद्र राँची ने अपने पूर्वानुमान में 14 अप्रैल को राज्य भर में गर्जन, आंधी, वज्रपात और कई जगहों पर ओलावृष्टि की प्रबल संभावना को देखते हुए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र राँची के निदेशक अभिषेक आनंद ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। साथ ही कहा है कि अगर घर से बाहर हैं और मौसम खराब हो जाए तो सुरक्षित जगह में शरण लें।
झारखण्ड राज्य में कई स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है। झारखण्ड राज्य के पूर्वी भागों में कहीं-कहीं पर ओलावृष्टि ,गर्जन और 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चलने के साथ-साथ वज्रपात की भी संभावना है। कोडरमा, हजारीबाग, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह और दुमका में 14 अप्रैल को मेघगर्जन, वज्रपात, आंधी के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है।