राँची : राजधानी की लाइफलाइन हरमू नदी को पुनर्जीवित करने के लिए राँची नगर निगम अब एक्शन मोड में आ गया है। नदी की बदहाल स्थिति को देखते हुए निगम ने विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की है, जिसमें करीब 150 सफाई कर्मी, 20 ट्रैक्टर और कई जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं।
सुबह से ही सफाई कर्मी नदी के विभिन्न हिस्सों में जुटे रहे और लगातार गाद, प्लास्टिक, कचरा व अवैध मलबा निकालने का काम जारी रहा।
हरमू नदी मुक्तिधाम पुल के पास सफाई अभियान का सबसे बड़ा चरण चलाया जा रहा है। नगर निगम की योजना है कि पुल के दोनों ओर लोहे की जाली लगाई जाए, ताकि लोग नदी में कचरा न फेंक सकें।
इसके साथ ही नदी किनारे नोटिस बोर्ड लगाने की भी तैयारी है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नदी में कचरा फेंकने वालों पर नगर निगम अधिनियम के तहत जुर्माना लगाया जाएगा और पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की इस पहल से लोगों में उम्मीद जगी है कि हरमू नदी एक बार फिर अपनी पुरानी पहचान — स्वच्छ, सुंदर और जीवनदायिनी नदी के रूप में लौटेगी।













