पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज गया के मायापुर के टनकुप्पा स्थित बिहार पोषक अनाज एवं मूल्य श्रृंखला उत्कृष्टता केंद्र परिसर में बने कार्यक्रम स्थल पर समृद्धि यात्रा, 2026 के तहत जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान गया जिले के जिलाधिकारी श्री शशांक शुभंकर ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की जानकारी दी।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। राज्य में उद्योग लगाने और स्वरोजगार करने वालों को कई प्रकार की सुविधायें देकर सरकार उन्हें प्रोत्साहित कर रही है। बिहार में उद्योग लगाने के लिये उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है, इससे राज्य में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को काफी मदद मिलेगी। उद्योग लगाने के लिये सभी जिलों में सुविधायें दी जा रही हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बिहार में उद्योगों को और ज्यादा बढ़ावा मिले, बिहार के युवा दक्ष एवं आत्मनिर्भर हों तथा उन्हें अधिक से अधिक रोजगार मिल सके एवं उनका भविष्य सुरक्षित हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नई सरकार के गठन के कुछ ही दिनों बाद हमलोगों ने राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने हेतु सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया है। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के प्रमुख उद्देश्यों में एक उद्देश्य मजबूत आधार आधुनिक विस्तार है। इसके तहत राज्य में शहरी क्षेत्रों का विस्तार एवं नागरिक सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। साथ ही, राज्य में नए आधुनिक नियोजित शहरों का विकास किया जा रहा है। शहरों में सुलभ संपर्कता के लिए 5 नई एक्सप्रेस-वे सड़कों का निर्माण और ग्रामीण सड़कों का चरणबद्ध तरीके से 2 लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके अतिरिक्त बिजली से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण एवं सभी इच्छुक लोगों के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पर्यटन स्थलों को विकसित कर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थलों के रूप में स्थापित किया जा रहा है। पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाले सर्किट में सभी प्रकार की पर्यटकीय सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। साथ ही इको टूरिज्म के विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जनहित में किये गये कार्यों को जनता तक पहुंचायें।
समीक्षा बैठक में केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री डॉ० दिलीप कुमार जायसवाल, संबद्ध विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/ सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मगध प्रमंडल की आयुक्त सफीना ए०एन०, मगध प्रमंडल के पुलिस महानिरीक्षक क्षत्रनील सिंह, गया जिला के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, गया जिला के वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।














