रांची : झारखंड नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 अंतर्गत 23.02.2026 को निर्धारित मतदान को लेकर आज मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम अवस्थित डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को विधिवत रूप से उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने डिस्पैच सेंटर पहुंचकर संपूर्ण व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन सामग्री वितरण काउंटर, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन प्रबंधन, हेल्प डेस्क, चिकित्सा सहायता काउंटर तथा नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी पोलिंग पार्टियों को बैलट बॉक्स, मतपत्र, सील, प्रपत्र, निर्वाचन रजिस्टर, पहचान पत्र सूची सहित सभी सामग्री सुव्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराई जाए तथा सामग्री प्राप्ति के उपरांत उसका मिलान कर ही प्रस्थान सुनिश्चित किया जाए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने मतदान कर्मियों से बैलट बॉक्स खोलने एवं बंद करने की सही तकनीक के संबंध में जानकारी ली तथा कहा कि निर्धारित प्रक्रिया का अक्षरशः पालन करते हुए सीलिंग एवं सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित किया जाए।
पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश:-
सभी पोलिंग पार्टियां अपने निर्धारित वाहन से समय पर प्रस्थान करें एवं मार्ग में अनुशासन बनाए रखें।
मतदान केंद्र पहुंचते ही सामग्री का पुनः सत्यापन करें तथा किसी भी कमी/त्रुटि की सूचना तत्काल सेक्टर पदाधिकारी को दें।*
मतदान के दौरान निष्पक्षता, गोपनीयता एवं शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता हो।
किसी भी अप्रिय स्थिति या विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम एवं संबंधित दंडाधिकारी को दें।
मतदान समाप्ति के उपरांत बैलट बॉक्स की विधिवत सीलिंग कर निर्धारित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा सुनिश्चित करें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी मतदान कर्मियों से कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता एवं संयम के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
जिला प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, पेयजल, शौचालय, विद्युत, रैम्प सहित मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि मतदाता निर्भीक एवं सुगम वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 23 फरवरी 2026 को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
इस अवसर पर उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रवीण पुष्कर, पुलिस अधीक्षक यातायात, राकेश सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी राजेश्वरनाथ आलोक, जिला उप निर्वाचन-सह-पंचायती राज पदाधिकारी राजेश कुमार साहू सहित विभिन्न कोषांगों के वरीय एवं नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।
17 साल पुराना विशाल ट्यूमर ऑपरेशन से बाहर !
रांची :झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए सदर अस्पताल, रांची के न्यूरोसर्जरी विभाग ने...












