असम : झारखंड सरकार की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की इन दिनों असम के चुनावी दौरे पर हैं। अपने दौरे के दौरान उन्होंने चाय बगान क्षेत्रों का भ्रमण कर वहां के श्रमिकों से सीधा संवाद किया। इस मुलाकात के दौरान चाय बगान के मजदूरों ने अपनी समस्याओं और वर्षों से चले आ रहे संघर्ष को खुलकर साझा किया, जिससे माहौल भावुक हो उठा।
मंत्री तिर्की ने कहा कि चाय बगान के श्रमिकों से उनका जुड़ाव पुराना है और वे पहले भी कई बार उनके कार्यक्रमों में शामिल होती रही हैं। उन्होंने बताया कि वे इन मजदूरों की परेशानियों और हालात से भली-भांति परिचित हैं।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2016 में मजदूरी को बढ़ाकर ₹351 करने का वादा किया गया था, लेकिन आज तक यह वादा अधूरा है। इस कारण श्रमिकों में भारी नाराजगी है।
मंत्री ने दावा किया कि अब चाय बगान के श्रमिकों ने मन बना लिया है कि वे इस बार कांग्रेस को सत्ता में लाकर अपने हक और अधिकार की लड़ाई को मजबूत करेंगे।













